⚫ Rajasthan Crime News
सीकर जिले से एक बेहद सनसनीखेज और झकझोर देने वाला मामला सामने आया है, जहां 19 साल की युवती ने कथित रेप और लगातार ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर जहर खाकर आत्महत्या कर ली। यह दर्दनाक घटना बुधवार शाम सीकर के एक गांव की बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी युवक ने युवती के साथ जबरदस्ती दुष्कर्म किया और उसके बाद उसे लगातार ब्लैकमेल कर धमकियां देने लगा। मानसिक रूप से बुरी तरह टूट चुकी युवती ने आखिरकार यह खौफनाक कदम उठाया। घटना के बाद युवती की तबीयत अचानक बिगड़ गई और उसे तेज उल्टियां होने लगीं। जब पिता ने कारण पूछा, तो युवती ने रोते हुए अपनी आपबीती बताई। उसने पिता को आरोपी युवक का नाम बताते हुए कहा कि उसी ने उसके साथ जबरदस्ती की और बाद में बदनाम करने की धमकियां देकर उसे ब्लैकमेल करता रहा। इसी मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर युवती ने जहरीला पदार्थ खा लिया। परिजन युवती को तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी युवक की तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर एंगल से गहन जांच की जा रही है और दोषी को जल्द गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
















