⚪ Bikaner royal family dispute
बीकानेर राजपरिवार की प्रतिष्ठा और संपत्ति को लेकर चल रहा भुआ-भतीजी का विवाद एक बार फिर सुर्खियों में है। शनिवार को उस वक्त माहौल गरम हो गया जब राजश्री कुमारी जूनागढ़ किला दर्शन करने पहुँचीं, लेकिन विधायक सिद्धि कुमारी के पक्ष की ओर से उन्हें प्रवेश नहीं दिया गया।
राजश्री कुमारी ने इसे लेकर गहरा आक्रोश जताया और कहा —
“आज मेरे बड़े भाई साहब महाराजा नरेंद्र सिंह की पुण्यतिथि है। मैं केवल अपने पारिवारिक और पारंपरिक देवी-देवताओं के दर्शन करने आई थी। हमें अंदर जाने से रोकना बेहद दुखद है।” उनके अधिवक्ता ने भी साफ कहा कि वे कोर्ट के आदेश के साथ पहुंचे हैं और वसीयत में मिले अधिकारों के अनुसार प्रवेश का पूरा हक रखते हैं। “हम किसी कानून का उल्लंघन नहीं कर रहे, सिर्फ अपने अधिकारों की रक्षा कर रहे हैं।”
दूसरी ओर, सिद्धि कुमारी के ट्रस्ट पक्ष के अधिवक्ता ने कहा —
“कोर्ट ने स्पष्ट आदेश दिया है कि जो जहां है, वही रहेगा। राजश्री पक्ष जो ऑर्डर दिखा रहा है, वह भ्रमित करने वाला है — उसमें प्रवेश की अनुमति नहीं दी गई।”
यह विवाद बीकानेर राजघराने की संपत्ति और अधिकारों के बंटवारे को लेकर वर्षों से चला आ रहा है। हाल ही में कोर्ट ने राजश्री कुमारी के पक्ष में कुछ राहत दी थी, लेकिन पारिवारिक तनाव अब भी चरम पर है।














