Jaipur Haveli Collapse
जयपुर के सुभाष चौक सर्किल स्थित बाल भारती स्कूल के पीछे शुक्रवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। देर रात करीब 12 बजे चार मंजिला जर्जर हवेली अचानक भरभराकर ढह गई। हादसे के वक्त मकान में 20 से अधिक लोग मौजूद थे। मलबे में दबे सात लोगों को रेस्क्यू कर बाहर निकाला गया। इस हादसे में पिता-पुत्री की मौत हो गई, जबकि दो बच्चों समेत पांच लोग घायल हैं। घायलों को SMS हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया, जिनमें से एक को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
हवेली में रहने वाले 33 वर्षीय प्रभात और उनकी छह साल की बेटी पीहू की मौत हो गई। उनकी पत्नी सुनीता (25) गंभीर रूप से घायल है। सुनीता समेत सभी घायलों को रेस्क्यू टीम ने सुबह तक बाहर निकाला। इसके अलावा वासुदेव (34), उनकी पत्नी सुकन्या (23) और उनके बच्चे सोनू (4) व ऋषि (6) को रात में ही SDRF टीम ने बचाकर हॉस्पिटल पहुंचाया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि –
शुक्रवार से रुक-रुक कर हो रही बारिश के चलते यह जर्जर हवेली गिर गई। हवेली में 20 से ज्यादा किराएदार रहते थे और सभी पश्चिम बंगाल के रहने वाले हैं। चौंकाने वाली बात यह रही कि नगर निगम की जर्जर भवनों की लिस्ट में इस हवेली का नाम शामिल ही नहीं था।
राहत और बचाव कार्य सुबह 7 बजे तक जारी रहा। मौके पर सिविल डिफेंस और SDRF की टीम ने लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। घटनास्थल पर ACP माणक चौक पीयूष कविया, रामगंज थानाधिकारी सुभाष कुमार और सुभाष चौक थानाधिकारी लिखमाराम पुलिस बल के साथ डटे रहे।
आसपास के मकानों को कराया खाली
प्रशासन ने एहतियातन आसपास के सभी मकानों को खाली करा दिया है। सुभाष चौक इलाके में ही पांच से अधिक मकान ऐसे हैं जो जर्जर अवस्था में हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश जारी रही तो भविष्य में और भी मकान गिरने का खतरा है।