⚫ Bikaner Crime News
बीकानेर जिले के बज्जू थाना क्षेत्र के गौडू गांव से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां 78 वर्षीय बुजुर्ग किसान गोपीराम की हत्या उनके अपने ही बड़े बेटे योगीराज ने कर दी। हत्या को छिपाने के लिए आरोपी बेटे ने परिजनों को एक्सीडेंट की झूठी कहानी सुना दी और पूरा परिवार इसी बहाने गोपीराम का अंतिम संस्कार भी कर आया।
27 नवंबर को गोपीराम की मौत के बाद परिजनों को बताया गया कि वह गिर पड़े थे और सिर में चोट लगने से उनकी मौत हो गई। परिवार ने बिना शक किए उसी दिन उनका दाह-संस्कार कर दिया। लेकिन अगले ही दिन गांव के एक अज्ञात शख्स के फोन ने पूरा मामला उलट कर रख दिया। उस व्यक्ति ने पुलिस को बताया कि गोपीराम की मौत हादसा नहीं बल्कि हत्या है।
सूचना मिलते ही पुलिस ने परिवार से संपर्क किया। बातों में विरोधाभास सामने आने के बाद घरवालों को बड़े बेटे योगीराज पर शक हुआ। परिजन जब सख्ती से पूछताछ करने लगे, तब उसने खुद कबूल किया— “हाँ… मैंने ही पिता को मारा है।” कबूलनामे के बाद आरोपी फरार होने की कोशिश में था, लेकिन बज्जू थाना पुलिस ने देर रात उसे हिरासत में ले लिया।
पुलिस के अनुसार बाप-बेटे के बीच किसी घरेलू बात पर विवाद हुआ। विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्साए बेटे ने अपने पिता को मौत के घाट उतार दिया।














