🪔 Bikaner Crime News
बीकानेर शहर में अपराधी अब कानून व्यवस्था को खुली चुनौती दे रहे हैं। लगातार बढ़ते आपराधिक मामलों के बीच एक बार फिर बदमाशों ने पुलिस की नाक में दम कर दिया है।
इस बार कलक्टर आवास के पास दिनदहाड़े महिला जज के साथ लूट की वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जानकारी के अनुसार, महिला जज पूजा जनागल स्कूटी से जा रही थीं। जब वे ब्रह्मकुमारी सर्किल से होते हुए कलक्टर आवास के पास पहुंचीं, तभी दो बाइक सवार बदमाशों ने अचानक उनका बैग छीनने का प्रयास किया। इस दौरान संतुलन बिगड़ने से जज पूजा जनागल स्कूटी से गिर पड़ीं। गिरने के बाद बदमाशों ने मौका पाकर उनके गले से सोने की चैन झपट ली और तेज रफ्तार में फरार हो गए।
घटना में महिला जज को ठोड़ी और नाक पर गंभीर चोटें आईं, साथ ही एक दांत भी टूट गया। हादसे के बाद जज पूजा जनागल अपने पिता के साथ पुलिस थाने पहुंचीं और मामला दर्ज करवाया।
पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। फिलहाल पुलिस टीमें बदमाशों की तलाश में जुटी हुई हैं।















