🟡 Bikaner Woman Police Constable Attack Case
बीकानेर में जमीन विवाद को लेकर महिला पुलिसकर्मी से मारपीट प्रयास का गंभीर मामला सामने आया है। इस संबंध में पीड़ित महिला पुलिसकर्मी ने व्यास कॉलोनी थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। पुलिस ने मामले में चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रिजर्व पुलिस लाइन में तैनात हेड कांस्टेबल सुनीता पत्नी जयवीर सिंह जाट ने रिपोर्ट में बताया कि ग्राम उदासर में ट्रायो नगर नाम से विकसित कॉलोनी में उन्होंने चक 12 बीएसएम के मुरब्बा नंबर 158-36, 158-35 और 158-53 में स्थित भूखंड खरीदे हुए हैं। रिपोर्ट के अनुसार 6 मार्च को जब वह अपने प्लॉट पर पहुंचीं तो उन्होंने वहां मौजूद लोगों से दीवार तोड़ने और ईंटें चोरी करने को लेकर सवाल किया। आरोप है कि इस दौरान बिरजू बावरी ने अपने साथियों हेमसिंह उर्फ कुलदीप, अनिल पारीक और रामेश्वर सिंह को बुला लिया। आरोपियों और उनके परिवार के सदस्यों ने उनके साथ मारपीट करने की कोशिश की। इस दौरान उनकी पुलिस वर्दी भी फाड़ दी गई। रिपोर्ट में यह भी आरोप लगाया गया है कि कुलदीप सिंह उर्फ हेमसिंह ने बिरजू बावरी से अंदर से बंदूक लाने को कहा और महिला पुलिसकर्मी पर बंदूक तान दी।
घटना के दौरान महिला पुलिसकर्मी और उनके साथ मौजूद लोग किसी तरह वहां से बचकर निकल गए। पुलिस ने पीड़िता की रिपोर्ट के आधार पर अनिल पारीक, कुलदीप सिंह उर्फ हेमसिंह, रामेश्वर सिंह और बिरजू बावरी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और पूरे प्रकरण की जांच शुरू कर दी गई है।















