Bikaner Breaking
  • Home
  • Bikaner
  • भाई की पुरानी रंजिश में युवक की हत्या, लाठी-डंडों से किया हमला, तीन घायल…
Image

भाई की पुरानी रंजिश में युवक की हत्या, लाठी-डंडों से किया हमला, तीन घायल…

Bikaner News

रविवार शाम को बीकानेर जिले के अनूपगढ़ एक पारिवारिक विवाद ने खूनी रूप ले लिया, जब 2 पीजीएम (बी) गांव में दो पक्षों के बीच झड़प में 25 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन अन्य सदस्य घायल हो गए। घटना के पीछे एक महिला को भगाने की पुरानी रंजिश को कारण बताया जा रहा है।

मृतक की पहचान मुकेश पुत्र सुल्ताना राम के रूप में हुई है, जो हमले के दौरान सिर पर गंभीर वार लगने से मौके पर ही दम तोड़ बैठा। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को हिरासत में ले लिया है, जबकि अन्य की तलाश में दबिश दी जा रही है।

तीन माह पुरानी घटना बनी झगड़े की जड़

थानाधिकारी ईश्वर प्रसाद जांगिड़ के अनुसार, मृतक मुकेश का बड़ा भाई रवि मानसिक तनाव में था क्योंकि तीन माह पूर्व उसकी पत्नी को 3 जीडी घड़साना निवासी एक युवक बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था। बताया जा रहा है कि आरोपी युवक, जगसीर सिंह का ममेरा भाई है और उसी की मदद से यह घटना हुई थी। रविवार को रवि ने आपसी समझौते की कोशिश करते हुए जगसीर और उसकी मां को घर बुलाया, मगर बातचीत बेनतीजा रही। करीब दो घंटे बाद जगसीर 15–20 लोगों के साथ लाठी-डंडों और पत्थरों से लैस होकर रवि के घर पर चढ़ आया।

ईंट-पत्थरों की बरसात, लाठी से सिर पर वार कर ली जान

हमले के दौरान घर पर ईंट-पत्थरों की बरसात कर दी गई और मुकेश के सिर पर लाठी से वार किया गया। गंभीर रूप से घायल मुकेश ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि परिवार के तीन अन्य सदस्य घायल हो गए। घर के बाहर और भीतर ईंटों और पत्थरों का ढेर पुलिस को घटनास्थल पर मिला।

पोस्टमार्टम आज, अन्य आरोपी फरार

पुलिस ने शव को अनूपगढ़ सीएचसी की मोर्चरी में रखवाया है, जहां सोमवार को पोस्टमार्टम होगा। थानाधिकारी जांगिड़ ने बताया कि पीड़ित रवि के बयानों के आधार पर नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। फरार हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए कई जगह दबिश दी जा रही है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *