Bikaner SP Medical College
बीकानेर की सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज में उच्च प्रशासनिक स्तर पर बड़ा बदलाव देखने को मिला है। कॉलेज के अतिरिक्त प्राचार्य द्वितीय और ब्लड ट्रांसफ्यूजन विभाग के वरिष्ठ प्रोफेसर डॉ. एन.एल. महावर ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। डॉ. महावर ने इस्तीफे का कारण अत्यधिक कार्यभार और स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं बताया है।
डॉ. महावर कॉलेज की संस्थापन प्रक्रिया और प्रशासनिक गतिविधियों में एक अहम भूमिका निभा रहे थे। वे सरकार को भेजी जाने वाली महत्वपूर्ण जानकारियों के प्रमुख सूत्रधार भी थे। कॉलेज में देर रात तक कार्य करने की स्थिति और सीमित स्टाफ सपोर्ट के कारण वे लंबे समय से मानसिक और शारीरिक तनाव से गुजर रहे थे।
सूत्रों की मानें तो डॉ. महावर को आवश्यकता के अनुरूप स्टाफ नहीं मिल पा रहा था और कॉलेज प्रशासन का अपेक्षित सहयोग भी नहीं मिल रहा था। इस कारण उनका कार्य अत्यधिक चुनौतीपूर्ण बन गया था। डॉ. महावर के अचानक इस्तीफे से कॉलेज प्रशासन और चिकित्सा जगत में हलचल मच गई है। माना जा रहा है कि इस निर्णय से कॉलेज की कार्यप्रणाली पर भी असर पड़ सकता है।
अब देखना यह होगा कि कॉलेज प्रशासन इस खाली पद को किस तरह से भरता है और भविष्य की चुनौतियों से कैसे निपटता है।















