Security Alert India
जम्मू-कश्मीर में हुए कायराना आतंकी हमले के बाद पूरे देश में सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं। सीमा इलाकों से लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स तक हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा रही है। प्रदेश भर में बैठकों का दौर लगातार जारी है, वहीं जम्मू-कश्मीर में आतंकियों के खिलाफ बड़े स्तर पर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक, आतंकियों को स्थानीय स्तर पर सहयोग देने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू हो चुकी है। अब तक करीब आधा दर्जन सहयोगियों के घरों पर बुलडोजर चलाया जा चुका है। इधर, प्रदेश के पुलिस महानिदेशक ने सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों को सख्त निर्देश जारी किए हैं। इन निर्देशों में कहा गया है कि घटना को लेकर जनता की प्रतिक्रिया पर बारीकी से नजर रखी जाए। साथ ही सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे संदेशों, पोस्टों और टिप्पणियों की सतत निगरानी की जाए। किसी भी प्रकार के भड़काऊ या आपत्तिजनक कंटेंट को तुरंत चिन्हित किया जाए और आवश्यक कार्रवाई की जाए। इसके अलावा, संवेदनशील सूचनाओं और खुफिया जानकारियों पर भी विशेष ध्यान देने के आदेश दिए गए हैं। सुरक्षा एजेंसियां हर स्तर पर सतर्क हैं ताकि किसी भी प्रकार की अफवाह या अशांति को समय रहते रोका जा सके।


















