🔴 Bikaner News Today
बीकानेर शहर में मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब नत्थुसर गेट से धरणीधर की ओर जाने वाली घाटी क्षेत्र स्थित वाल्मीकि समाज की श्मशान भूमि के बरामदे में एक बुजुर्ग व्यक्ति का शव मिला। सुबह करीब सवा नौ बजे स्थानीय लोगों ने बरामदे में शव देखा, जिसके बाद तुरंत इसकी सूचना संबंधित संस्थाओं और पुलिस को दी गई।
मौके पर ख़िदमतगार ख़ादिम सोसाइटी एवं असहाय सेवा संस्थान के कार्यकर्ता पहुंचे और स्थिति की जानकारी ली। सूचना मिलते ही नया शहर थाना पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची। एएसआई राकेश गोदारा, रामविलास एवं प्रदीप सीएल की मौजूदगी में शव को कब्जे में लेकर पीबीएम अस्पताल भिजवाया गया, जहां डॉक्टरी मुआयना के बाद शव को मोर्चरी में सुरक्षित रखवाया गया है।
फिलहाल मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ कर रही है और गुमशुदगी की रिपोर्टों से मिलान किया जा रहा है। शव मिलने के कारणों को लेकर भी पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। मामले में आगे की कार्रवाई मृतक की पहचान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी।














