Bikaner Breaking
  • Home
  • Bikaner
  • मुख्यमंत्री की घोषणा, डूंगर कॉलेज में बनेंगे 30 नए क्लास रूम और 1 लाख नोकरिया भी दी जाएगी…
Image

मुख्यमंत्री की घोषणा, डूंगर कॉलेज में बनेंगे 30 नए क्लास रूम और 1 लाख नोकरिया भी दी जाएगी…




मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि शिक्षा क्षेत्र में लिए गए महत्वपूर्ण निर्णयों एवं नवाचारों से ही आज राजस्थान अग्रणी राज्य बना है। इसी का परिणाम है कि भारतीय सिविल सेवा में चयनित होने में राज्य के युवा आगे हैं। गहलोत मंगलवार को बीकानेर के राजकीय डूंगर महाविद्यालय में छात्रसंघ कार्यालय उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे। छात्रसंघ कार्यालय का उद्घाटन करने के साथ ही उन्होंने कॉलेज में 30 नए कक्षा कक्षों के निर्माण के लिए घोषणा की।



राज्य में 100 मेगा जॉब फेयर लगाने की बात कहते हुए उन्होंने बताया कि करीब 1.36 लाख राजकीय नौकरियां दी जा चुकी है, इतनी ही प्रक्रियाधीन हैं। आगामी वर्ष में एक लाख नौकरियां और दी जाएंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश आईआईटी, आईआईएम, एम्स, ट्रिपल आईटी, निफ्ट, एनआईए, आरयूएचएस, लॉ, एग्रीकल्चर, स्पोर्ट्स एवं पुलिस यूनिवर्सिटी जैसे राष्ट्रीय स्तर के संस्थान स्थापित हो चुके हैं। साथ ही अब प्रदेश में विश्वविद्यालयों की संख्या 92 हो गई है। पिछले चार वर्षों में ही 211 कॉलेज खोले गए हैं तथा 92 और खोले जा रहे हैं। मुख्यमंत्री अनुप्रति कोचिंग योजना में 30 हजार विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए निशुल्क कोचिंग, राजीव गांधी स्कॉलरशिप फॉर एकेडमिक एक्सीलेंस योजना में 500 विद्यार्थियों को विदेश में निशुल्क शिक्षा, महात्मा गांधी राजकीय अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों की स्थापना जैसे नवाचारों से राज्य में शिक्षा का स्वरूप ही बदल गया है।

शिक्षा मंत्री डॉ. बी. डी. कल्ला ने कहा कि कॉलेज में 15 करोड़ रुपए की लागत से सभागार बनेगा। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद डोटासरा, राजस्थान प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा, आपदा प्रबंधन एवं सहायता मंत्री गोविंद राम मेघवाल, ऊर्जा मंत्री भंवर सिंह भाटी ने भी विचार रखे। छात्रसंघ अध्यक्ष हरिराम गोदारा ने राज्य सरकार द्वारा छात्र कल्याण में संचालित योजनाओं के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया। समारोह में राजस्थान राज्य क्रीडा परिषद की अध्यक्षा व विधायक कृष्णा पूनिया, भूदान यज्ञ बोर्ड के अध्यक्ष लक्ष्मण कड़वासरा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, छात्रसंघ के पदाधिकारी, अधिकारी और विद्यार्थी उपस्थित रहे।



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *