Bikaner Breaking
  • Home
  • Rajasthan
  • प्रदेश में फिर दर्दनाक हादसा, डंपर ने कुचला परिवार…
Image

प्रदेश में फिर दर्दनाक हादसा, डंपर ने कुचला परिवार…

🟢 Rajasthan Accident News

राजस्थान में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा। जयपुर के हरमाड़ा थाना क्षेत्र में हुए दर्दनाक डंपर हादसे में 13 लोगों की मौत के बाद अब धौलपुर जिले से एक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। बुधवार दोपहर मनियां थाना इलाके में राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार तीन लोगों को कुचल दिया, जिसमें मां-बेटी और मामा की मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, मृतक मनोज (38) अपनी भांजी लाडो (26) और उसकी दो साल की बेटी के साथ सैंया (आगरा, यूपी) से अपने गांव मुरैना (मध्य प्रदेश) जा रहा था। जैसे ही तीनों धौलपुर जिले के मनियां थाना क्षेत्र में पहुंचे, पीछे से आ रहे बेकाबू डंपर ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों सड़क पर गिर पड़े और डंपर उनके ऊपर से गुजर गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भिजवाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने मां-बेटी को मृत घोषित कर दिया, जबकि मनोज ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

पुलिस ने हादसे में शामिल डंपर को जब्त कर लिया है। एक युवक को मौके से पकड़ा गया है, जो खुद को वाहन का हेल्पर बता रहा है। फिलहाल पुलिस चालक की तलाश में जुटी है और मामले की गंभीर जांच की जा रही है।

गौरतलब है कि दो दिन पहले ही जयपुर के हरमाड़ा क्षेत्र में हुए डंपर हादसे ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया था। उस हादसे में 13 लोगों की जान गई थी और कई घायल हुए थे। लगातार हो रहे इन हादसों ने प्रशासन की सड़कों पर भारी वाहनों की रफ्तार पर नियंत्रण को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *