Ramdevra Mela 2025
लोकदेवता बाबा रामदेव के वार्षिक मेले में शामिल होने के लिए पदयात्रियों के जत्थे अब सड़क पर निकल पड़े हैं। बीकानेर से रामदेवरा तक जाने वाले मार्ग पर सुबह-शाम हजारों श्रद्धालु नजर आ रहे हैं। बीकानेर-जैसलमेर हाइवे इस समय आस्था और भक्ति के रंग में रंग गया है।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के लिए पुलिस ने खास प्लान तैयार किया है। बीकानेर से नोखड़ा तक करीब 65 किलोमीटर लंबे हाईवे पर नौ स्थाई नाके लगाए गए हैं। यातायात सीओ किसन सिंह और यातायात प्रभारी नरेश निर्वाण ने जगहों का सर्वे कर सुरक्षा इंतजाम पुख्ता कर दिए हैं।
यातायात व सुरक्षा इंतजाम:
- हल्दीराम प्याऊ से गजनेर तक यातायात शाखा की मोबाइल टीम तैनात
- गजनेर से नोखड़ा तक इंटरसेप्टर गाड़ी के साथ पुलिस टीम निगरानी रखेगी
- पुलिसकर्मी यात्रियों के बैग और हाथों पर रिफ्लेक्टर टेप लगाएंगे ताकि रात में वाहन चालक उन्हें दूर से देख सकें
- यात्रियों को सड़क से नीचे चलने और टॉर्च साथ रखने की समझाइश दी जाएगी
गजनेर थाना इलाके की नहर और कोलायत के कपिल सरोवर पर भी पुलिस जाब्ता तैनात रहेगा। प्रशासन को आशंका है कि यहां नहाते समय हादसे हो सकते हैं। इसी कारण सुरक्षा बढ़ा दी गई है। वहीं, गांव-गांव की टीमों को भी पदयात्रियों को जागरूक करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।















