RASHTRADEEP NEWS
बांसवाड़ा लोकसभा सीट के कांग्रेस प्रत्याशी अरविंद डामोर (निष्कासित) और बागीदौरा विधानसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी कपूर सिंह (निष्कासित) ने नाम वापस लेने से इनकार कर दिया है। कांग्रेस ने अरविंद डामोर और कपूर सिंह को अपने सिंबल पर नामांकन कराया था। बीएपी से गठबंधन के बाद कांग्रेस ने अपने प्रत्याशियों से नाम वापस लेने के लिए दबाव बनाया, परंतु दोनों प्रत्याशियों ने ऐसा करने से मना कर दिया। बांसवाड़ा लोकसभा और बागीदौरा विधानसभा सीट पर कांग्रेस के लिए मुसीबत खड़ी हो गई है। दोनों सीटों पर भारतीय आदिवासी पार्टी (BAP) के साथ कांग्रेस ने गठबंधन किया है। इसके बाद कांग्रेस के ही प्रत्याशियों ने नाम वापस नहीं लिया है।कांग्रेस ने डामोर और कपूर सिंह को छह साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया है। सोमवार को दिनभर सियासी ड्रामा चलने के बाद डामोर ने कहा- कांग्रेस ने मुझे बेवकूफ बनाया। कपूर सिंह ने कहा- हम कोई मंदिर का घंटा नहीं कि कोई भी बजा जाए।
डामोर ने कहा- कांग्रेस आलाकमान को जब नाम वापस लेने को कहना ही था तो नामांकन क्यों करवाया। पहले आलाकमान का फैसला आया कि अरविंद का नामांकन करवाया जाए। स्थानीय नेता अर्जुनसिंह बामनिया ने कहा कि मैं फार्म नहीं भरना चाहता, आप भरो। नामांकन के अंतिम दिन उन्होंने कहा कि मेरे घर आओ, आपको नामांकन भरना है। नामांकन भरने के अंतिम वक्त तक कहा कि आपको खड़े रहना है, आपको चुनाव लड़ना है। पार्टी आपके साथ है।सारी तैयारी मैं कर दूंगा। आलाकमान ने गठबंधन का फैसला लिया। मैं चौरासी और सागवाड़ा विधानसभा क्षेत्र में था, जहां संपर्क नहीं हो रहा था। नेटवर्क समस्या रही थी।