ED Raid Cyber Crime News
ED ने एक अंतरराष्ट्रीय साइबर ठगी रैकेट का भंडाफोड़ करते हुए जयपुर, अहमदाबाद, पुणे और जबलपुर में कई स्थानों पर छापेमारी की। ईडी की मुंबई यूनिट द्वारा की गई इस कार्रवाई में फर्जी लोन स्कीम के जरिए अमेरिकी नागरिकों से करोड़ों की ठगी का मामला सामने आया है।
जांच एजेंसी ने जयपुर के महावीर नगर और दुर्गापुरा में स्थित मैग्नाटेल बीपीएस कंसल्टेंट्स एंड एलएलपी के दफ्तरों से भारी मात्रा में 7 किलो सोना, 62 किलो चांदी, 1.18 करोड़ रुपए नकद, और 9.2 करोड़ की अचल संपत्ति से जुड़े दस्तावेज जब्त किए हैं। साथ ही, डिजिटल सबूत और फर्जी दस्तावेजों का बड़ा जखीरा भी हाथ लगा है।
ईडी ने इस केस में फर्म के दो प्रमुख संचालकों संजय मोरे और अजीत सोनी को जयपुर से गिरफ्तार किया है। दोनों पर भारत से ऑपरेट हो रहे साइबर फ्रॉड नेटवर्क को चलाने का आरोप है, जो कम ब्याज पर लोन दिलाने का झांसा देकर अमेरिकी नागरिकों से प्रोसेसिंग फीस वसूली की योजना चला रहा था।
क्या है पूरा मामला?
यह गिरोह भारत में स्थित फर्जी कॉल सेंटरों के माध्यम से विदेशी नागरिकों को निशाना बनाता था। कम ब्याज पर लोन देने का लालच देकर उनसे लाखों डॉलर की ठगी की जा रही थी। ईडी की इस रेड को भारत में बैठे साइबर अपराधियों पर एक बड़ा प्रहार माना जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक, इस रैकेट से जुड़े और भी बड़े नाम सामने आने की संभावना है। ईडी की जांच अभी भी जारी है, और जब्त संपत्तियों की कुल कीमत में और इजाफा हो सकता है।



















