🟢 Bikaner News Today
बीकानेर जिले में लगातार बढ़ रही शीतलहर को देखते हुए जिला प्रशासन ने स्कूली बच्चों की सुरक्षा के मद्देनजर बड़ा फैसला लिया है। जिला कलेक्टर श्रीमती नम्रता वृष्णि ने आदेश जारी करते हुए जिले के सभी विद्यालयों में कक्षा 1 से 8 तक के विद्यार्थियों के लिए 8 से 10 जनवरी तक अवकाश घोषित किया है।
आदेश के अनुसार यह निर्णय आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 के तहत लिया गया है, ताकि ठंड के प्रकोप से बच्चों के स्वास्थ्य पर कोई विपरीत प्रभाव न पड़े। यह अवकाश जिले के समस्त राजकीय, गैर-राजकीय, सीबीएसई विद्यालयों, मदरसों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों पर लागू रहेगा। वहीं कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए विद्यालय संचालन का समय प्रातः 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक निर्धारित किया गया है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह आदेश केवल विद्यार्थियों पर लागू होगा, जबकि विद्यालयों के शिक्षक एवं अन्य कार्मिक निर्धारित समयानुसार उपस्थित रहेंगे। जिला कलेक्टर ने सभी संस्था प्रधानों को निर्देश दिए हैं कि आदेशों की कड़ाई से पालना सुनिश्चित की जाए।यदि कोई विद्यालय या संस्था इन निर्देशों की अवहेलना करती है तो संबंधित संस्था प्रधान के विरुद्ध आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।















