🟢 Bikaner Politics News
बीकानेर जिले में राजनीति और कानून-व्यवस्था को लेकर बड़ा मामला सामने आया है। जसरासर थाना पुलिस ने पूर्व मंत्री गोविंदराम मेघवाल, पूर्व विधायक गिरधारी महिया, पूर्व विधायक मंगलाराम गोदरा, कांग्रेस नेता रामनिवास कूकणा, आरएलपी नेता विवेक माचरा, राजेंद्र मेघवाल, मगनाराम केड़ली, प्रधान प्रतिनिधि आत्माराम, निरू सहित 500 से अधिक लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
टोल प्लाजा पर भड़का विवाद
यह मुकदमा उत्तमादेसर टोल प्लाजा पर चल रहे धरने से जुड़ा है। पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, प्रदर्शनकारियों ने स्टेट हाईवे को जाम कर दिया और टोल कर्मचारियों के साथ हाथापाई की। इतना ही नहीं, गुस्साए प्रदर्शनकारियों पर टोल प्लाजा के कैमरे और उपकरणों में तोड़फोड़ करने का भी आरोप है।
पुलिस का आरोप
थानाधिकारी रविंद्र की ओर से दर्ज रिपोर्ट में कहा गया है कि जब पुलिस ने समझाने का प्रयास किया तो प्रदर्शनकारी मरने-मारने पर उतारू हो गए। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पूर्व मंत्री और पूर्व विधायकों पर मुकदमा दर्ज होने के बाद जिले की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। कांग्रेस और आरएलपी नेताओं पर कार्रवाई से समर्थकों में नाराजगी फैल गई है। वहीं, प्रशासन का कहना है कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे। फिलहाल पुलिस ने विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आने वाले दिनों में इस केस में कई बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।














