⚪ Bikaner News Today
बीकानेर जिले के श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में रविवार देर रात हुए एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। गुसाईंसर बड़ा गांव के पास स्थित पेट्रोल पंप पर कार्यरत 23 वर्षीय युवक लूणाराम गोदारा की डीज़ल टैंक का दरवाज़ा गिरने से मौके पर ही मौत हो गई। घटना की पुष्टि पुलिस ने रात को ही परिजनों को दी, जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, लूणाराम (पुत्र तोलाराम गोदारा) रात करीब 2 बजे पेट्रोल पंप पर डीज़ल टैंक का हैवी दरवाज़ा बंद कर रहा था। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और एक पैर टैंक के अंदर और दूसरा बाहर रह गया। अचानक भारी टैंक दरवाज़ा उसकी गर्दन पर जोर से लग गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। सूचना मिलते ही श्रीडूंगरगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर उपजिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। सोमवार सुबह पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस ने घटना स्थल का मौका मुआयना कर जांच शुरू कर दी है। हादसे की पूरी रिपोर्ट पुलिस द्वारा तैयार की जा रही है।














