⚪ Bikaner News Today
बीकानेर के फडबाजार क्षेत्र में शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक दुकान से अचानक धुआं उठता दिखाई दिया। यह घटना पुरानी गजनेर रोड साइड से मुख्य बाजार से पहले वाली गली में हुई। गली में घुसते ही स्थानीय लोगों ने दुकान के भीतर से तेज धुआं निकलता देखा, जिसके बाद तुरंत दुकान मालिक को सूचना दी गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुकान में शॉर्ट सर्किट के कारण जोरदार धमाका हुआ और देखते ही देखते धुएं के साथ आग भड़क उठी। काफी देर तक रुक-रुककर आग की चिंगारियां निकलती रहीं, जिससे आसपास के दुकानदारों और राहगीरों में दहशत फैल गई।
बताया जा रहा है कि संबंधित दुकान जूते-चप्पल और रेडीमेड कपड़ों की थी। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग आग पर काबू पाने में जुट गए। फिलहाल आग से हुए नुकसान का आकलन नहीं हो पाया है। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।














