🟡 Bikaner News Today
बीकानेर गंगाशहर थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक खबर सामने आई है, जहां एक व्यक्ति ने जहर पीकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। घटना चार नवंबर की बताई जा रही है। इस संबंध में हनुमाननगर गंगाशहर निवासी ओमप्रकाश पुत्र भंवरलाल सोनी ने गंगाशहर पुलिस थाने में मर्ग रिपोर्ट दर्ज करवाई है।
रिपोर्ट के अनुसार, मृतक ओमप्रकाश (47) पुत्र गोपालराम सोनी, निवासी रामदेव नगर गंगाशहर, चार नवंबर को घर से यह कहकर निकले थे कि वह किसी के साथ काम से जा रहे हैं। परिवादी ने बताया कि मृतक की मानसिक स्थिति कुछ समय से ठीक नहीं थी और उनका इलाज भी चल रहा था। परिजनों को जब देर तक कोई जानकारी नहीं मिली, तो उन्होंने तलाश शुरू की। घर से करीब 300 मीटर दूर एक खाली प्लॉट में ओमप्रकाश बेहोशी की हालत में मिले। उनके पास से जहर की बोतल भी बरामद हुई। परिजन उन्हें तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। फिलहाल पुलिस ने मर्ग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस मामले की जांच हेड कांस्टेबल सवाई सिंह कर रहे हैं।














