Bikaner News
बीकानेर जिले के लूणकरणसर थाना क्षेत्र में एक हृदयविदारक हादसे में युवक की ट्रेन की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। यह घटना नाथवाण से करीब चार किलोमीटर दूर रेलवे पिलर 238/9 के पास शनिवार शाम को हुई। मृतक की पहचान जेठाराम मेघवाल के रूप में हुई है, जो खेती-बाड़ी का कार्य करता था।
जानकारी के अनुसार, जेठाराम शनिवार शाम अपने घर से खेत की ओर जाने की बात कहकर निकला था। रास्ते में रेलवे ट्रैक पार करते समय अचानक आ रही रेल इंजन की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि मृतक को सुनाई और दिखाई कम देता था, जिसके चलते वह समय पर ट्रेन को नहीं देख सका।
इस संबंध में मृतक के बड़े भाई सोहनलाल मेघवाल ने लूणकरणसर थाना में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर मर्ग संख्या दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह हादसा स्थानीय लोगों में गहरा शोक फैला गया है। ग्रामीणों ने रेलवे प्रशासन से दुर्घटनास्थल पर चेतावनी संकेत लगाने की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।














