⚪ Bikaner News Today
बीकानेर जिले के गजनेर पुलिस थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। जानकारी के अनुसार, कोड़मदेसर भैरूजी मंदिर दर्शन के लिए गया एक युवक नहर में फिसलने से मौत का शिकार हो गया। घटना से इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, घड़सीसर रोड निवासी डालचंद पुत्र आशाराम सोनी ने गजनेर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। परिवादी ने बताया कि उसका रिश्तेदार दीपक पुत्र धर्मचंद कोड़मदेसर दर्शन के लिए गया हुआ था। दर्शन के बाद दीपक नहर किनारे हाथ-पैर धोने गया, इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह नहर में गिर गया।
गिरने के बाद दीपक को बाहर निकालने की कोशिश की गई, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मर्ग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों के अनुसार, नहर के पास फिसलन होने के कारण इस तरह की घटनाएं पहले भी हो चुकी हैं। हादसे के बाद क्षेत्र में मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं में दहशत का माहौल है।














