Bikaner News Today
बीकानेर जिले के बज्जू क्षेत्र के चारणवाला गांव में बुधवार को आयोजित नखत बन्ना मेले के दौरान बड़ा हादसा होते-होते टल गया। मेले में उमड़ी भारी भीड़ के बीच स्टंट दिखा रही एक डीजे पिकअप अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई।
वाहन पलटते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हालांकि ग्रामीणों ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत राहत कार्य शुरू कर दिया और थोड़ी ही देर में क्रेन की मदद से पिकअप को हटा दिया गया। गनीमत रही कि चालक को सिर्फ मामूली चोटें आईं और कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि – मेले में हर साल कुछ वाहन चालक स्टंटबाजी करते हैं, जिससे हादसे की आशंका बनी रहती है। लाखों श्रद्धालुओं की मौजूदगी वाले इस धार्मिक मेले में सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक तैयारियों पर सवाल उठ रहे हैं। ग्रामीणों और श्रद्धालुओं ने प्रशासन से मांग की है कि भविष्य में मेले के दौरान इस तरह के खतरनाक स्टंट पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगाया जाए, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।














