🔴 Bikaner News Today
बीकानेर शहर में अमृत 2.0 योजना के तहत सीवरेज प्रोजेक्ट का काम तेजी से चल रहा है, लेकिन इसके चलते आमजन को सबसे ज्यादा परेशानी झेलनी पड़ रही है। मुख्य सड़कों से लेकर गली-मोहल्लों तक बार-बार हो रही खुदाई, अधूरे काम, धंसती सड़कें और जाम सीवरेज जैसी समस्याओं ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। कई इलाकों में जहां कार्य पूरे हो चुके हैं, वहीं कई जगहों पर अब भी काम अटका हुआ है।
नगर निगम के एक्सईएन के अनुसार अमृत 2.0 के तहत अब तक 57% कार्य पूरा, जबकि 43% कार्य शेष है। लंबे समय से जारी समस्याओं और नागरिकों की बढ़ती शिकायतों को देखते हुए निगम ने आखिरकार सीवरेज से जुड़ी शिकायतें दर्ज करने के लिए हेल्पलाइन नंबर और ई-मेल एड्रेस जारी किया है।
अब शहरवासी सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक सीवरेज जाम, अधूरे कार्य, सड़क धंसने सहित अमृत 2.0 से जुड़े किसी भी मुद्दे पर अपनी शिकायतें दर्ज करवा सकेंगे। प्रोजेक्ट पर काम कर रही फर्म को पांच साल तक सीवरेज संचालन, रखरखाव और समस्याओं के निस्तारण की जिम्मेदारी दी गई है। इसके बावजूद नागरिक लगातार अव्यवस्था को लेकर नाराज हैं। कई जागरूक नागरिकों का दावा है कि यह हेल्पलाइन पहली बार जारी हुई है, जबकि निगम अधिकारी इसे पहले से उपलब्ध बता रहे हैं।
शहरभर में सीवरेज कार्यों ने आमजन की दिनचर्या पर बड़ा असर डाला है। कई बार एक ही सड़क को बार-बार खोदने से यातायात प्रभावित होता है, वहीं कार्य पूर्ण होने के बाद भी सड़कें धंसने से हादसों की आशंकाएं बढ़ती जा रही हैं। निगम का यह कदम, लोगों को थोड़ी राहत देगा, लेकिन जमीनी स्तर पर त्वरित समाधान ही वास्तव में नागरिकों की परेशानी कम कर पाएगा।















