Bikaner News
बीकानेर के गंगाशहर थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने मानवता को शर्मसार कर दिया है। सुजानदेसर क्षेत्र में रामदेवी जी मंदिर के पास एक नाले में सात माह की बच्ची का भ्रूण मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।स्थानीय लोगों ने जब नाले में कुछ संदिग्ध देखा तो तुरंत इसकी सूचना पुलिस और सामाजिक संगठनों को दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भ्रूण को कब्जे में लेकर आवश्यक जांच शुरू कर दी है।
प्रशासन और पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि यह भ्रूण किसका है, और आखिर कौन इस अमानवीय कृत्य के पीछे है। प्रथम दृष्टया यह सात माह की गर्भस्थ शिशु का मामला प्रतीत हो रहा है, जिसे जानबूझकर नाले में फेंका गया।
सामाजिक संगठनों ने जताया रोष
घटना के सामने आते ही क्षेत्र में आक्रोश फैल गया है। सामाजिक संगठनों ने इस कृत्य की कड़ी निंदा करते हुए प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में कठोर कानून और जनजागरूकता की आवश्यकता है ताकि भविष्य में कोई ऐसा अपराध न कर सके।
गंगाशहर पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और CCTV फुटेज व अन्य सुराग जुटाए जा रहे हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अगर किसी के पास इस घटना से जुड़ी कोई भी जानकारी हो तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।














