Bikaner News
बीकानेर जिले की जयपुर रोड स्थित जीवन रक्षा अस्पताल के सामने कुछ दूरी पर बुधवार सुबह एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। राहगीरों द्वारा शव देखे जाने की सूचना तुरंत संबंधित संस्थाओं को दी गई, जिसके बाद असहाय सेवा संस्था के सेवादार मौके पर पहुंचे और मानवता का परिचय देते हुए शव को पीबीएम अस्पताल पहुंचाया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मृतक व्यक्ति ने चौकड़ीदार शर्ट और लोवर पहन रखा था। हालांकि, फिलहाल शव की शिनाख्त नहीं हो पाई है और न ही उसकी पहचान से जुड़ी कोई जानकारी सामने आई है। मामले की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है।















