🔴 Bikaner Crime News
बीकानेर जिले के छत्तरगढ़ में एक बार फिर हथियारबंद गैंग का आतंक देखने को मिला। परिवादी कालूराम सांसी की रिपोर्ट के अनुसार 12 नवंबर की दोपहर लगभग एक बजे चार गाड़ियों में सवार 20–25 से अधिक आरोपी हथियारों के साथ उसके घर के पास पहुंचे और जानलेवा हमला करने की नीयत से जमकर उत्पात मचाया।
रिपोर्ट में अशोक राजपुरोहित, फरमान कोहरी, रवि पारिक, राजेन्द्र भाट समेत कई अन्य अज्ञात लोगों पर लाठियां, कुल्हाड़ियां और पिस्तौल से लैस होकर हमला करने, जातिसूचक गालियां देने और खुलेआम जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए गए हैं। परिवादी का कहना है कि सभी आरोपी लंबे समय से बरजू एवं आसपास के क्षेत्रों में डर और दहशत फैलाते आ रहे हैं।
कालूराम ने बताया कि करीब 45 दिन पहले भी 50–60 लोगों का गिरोह बरजू के सोलर प्लांट के पास ग्रामीणों पर हमला कर चुका है। जिसमें कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे। ग्रामीणों का आरोप है कि इन आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड रहा है और पुलिस कार्रवाई के अभाव में उनके हौसले बढ़ते जा रहे हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत केस दर्ज किया है। जांच का जिम्मा खाजूवाला सीओ अमरजीत चावला को सौंपा गया है। ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि यदि कड़ी कार्रवाई नहीं हुई तो आरोपी किसी भी समय बड़ी वारदात को अंजाम दे सकते हैं।














