⚪ Bikaner Crime News
बीकानेर। कोलायत पुलिस थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 6 से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक युवक के साथ साजिश के तहत मारपीट कर उसे कथित तौर पर जहरीला पदार्थ पिलाने का आरोप लगा है।
घटना 17 जनवरी की शाम करीब 4 बजे की बताई जा रही है।
पीड़ित जयप्रकाश पंचारिया की ओर से दर्ज करवाई गई रिपोर्ट के अनुसार, आरोपी घनश्याम कार लेकर उसके घर पहुंचा और बातचीत के बहाने उसे साथ ले गया। जैसे ही परिवादी कार में बैठा, पहले से मौजूद दो अन्य आरोपियों—राजू और पेमाराम—ने उसके साथ मारपीट की और बाद में उसे घर छोड़ दिया। मामला यहीं नहीं थमा। रिपोर्ट में बताया गया है कि उसी शाम जब परिवादी बाहर टहलने निकला, तो आरोपी एक बार फिर कार के साथ उसे मिले। आरोप है कि इस दौरान आरोपियों ने उसे जबरन पकड़कर अज्ञात जहरीला पदार्थ पिला दिया, जिससे उसकी तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोश हो गया। परिजनों द्वारा उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती करवाया गया।
पुलिस ने प्रार्थी की शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और पूरे घटनाक्रम की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।















