Bikaner Breaking
  • Home
  • Bikaner
  • बीकानेर: ब्रेन हेमरेज से कांस्टेबल का निधन, पुलिस महकमे में शोक की लहर…
Image

बीकानेर: ब्रेन हेमरेज से कांस्टेबल का निधन, पुलिस महकमे में शोक की लहर…

Bikaner News

बीकानेर जिले के नापासर थाने में तैनात 33 वर्षीय कांस्टेबल गंगाधर के असामयिक निधन की खबर से पुलिस विभाग शोकाकुल हो गया है। रविवार सुबह ड्यूटी के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान देर रात जयपुर में उनका निधन हो गया। डॉक्टरों ने ब्रेन हेमरेज को मौत का कारण बताया है।

पुलिस के अनुसार, सुबह करीब साढ़े पांच बजे कांस्टेबल गंगाधर नापासर थाने के शौचालय के पास अचानक गिर पड़े और चेतना खो बैठे। साथी पुलिसकर्मियों ने उन्हें तुरंत नापासर सीएचसी पहुंचाया, जहां से बीकानेर ट्रॉमा सेंटर और फिर जयपुर रेफर किया गया। देर रात करीब 1 बजे जयपुर में उन्होंने अंतिम सांस ली। गंगाधर पुत्र पोकरराम जाट, सीकर जिले के लक्ष्मणगढ़ तहसील स्थित भावजी की ढाणी के रहने वाले थे और पिछले तीन वर्षों से नापासर थाने में सेवाएं दे रहे थे। उनका शांत स्वभाव, मुस्कुराता चेहरा और कर्तव्यनिष्ठ सेवा भावना उन्हें पूरे नापासर क्षेत्र में लोकप्रिय बनाती थी। हाल ही में उन्हें 26 जनवरी को उत्कृष्ट कार्य के लिए जिला मुख्यालय पर सम्मानित भी किया गया था।

थानाधिकारी लक्ष्मण सुथार ने गंगाधर के निधन पर गहरा दुख जताते हुए कहा, “वह बेहद संवेदनशील, जिम्मेदार और अनुशासित सिपाही थे। इस आकस्मिक घटना से पूरा थाना परिवार स्तब्ध है। पुलिस विभाग ने एक सच्चे सिपाही को खो दिया है।”

गंगाधर का शव पोस्टमॉर्टम के बाद उनके पैतृक गांव रवाना कर दिया गया है। नापासर थाने की पुलिस टीम भी अंतिम विदाई देने के लिए गांव पहुंच रही है, जहां राजकीय सम्मान के साथ उन्हें अंतिम विदाई दी जाएगी।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *