Bikaner Breaking
  • Home
  • Bikaner
  • बीकानेर: त्यौहारी सीजन में मिलावटखोरों पर शिकंजा, 4660 किलो मिलावटी मावा जब्त…
Image

बीकानेर: त्यौहारी सीजन में मिलावटखोरों पर शिकंजा, 4660 किलो मिलावटी मावा जब्त…

🟢 Bikaner News Today

त्यौहारी सीजन शुरू होते ही मिठाइयों की मांग बढ़ गई है और इसी बीच मिलावटखोर भी सक्रिय हो गए हैं। लेकिन बीकानेर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बुधवार अलसुबह बड़ी कार्रवाई कर इन मावा माफियाओं पर लगाम कस दी। टीम ने “शुद्ध आहार–मिलावट पर वार” अभियान के तहत अहमदाबाद भेजे जा रहे 4660 किलो मिलावटी मावे को जब्त किया है, जिसकी बाजार में कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिलने पर सीएमएचओ डॉ. विकास मारवाल के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सुबह करीब 5 बजे बांगड़ हॉस्पिटल के बाहर खड़ी दो निजी बसों की तलाशी ली। जांच में दोनों बसों में बीकानेर से लोड किए गए मावे के 233 टीन मिले, प्रत्येक टीन में लगभग 20 किलो मावा भरा हुआ था। मौके पर की गई प्रारंभिक जांच में मावे में स्टार्च की मिलावट पाई गई। टीम ने मौके से सैंपल लेकर फूड लेबोरेटरी भेज दिए हैं, जबकि पूरा मावा जब्त कर लिया गया है। अधिकारियों ने बताया कि यह मिलावटी मावा पाली होते हुए अहमदाबाद सप्लाई किया जा रहा था।

डॉ. मारवाल ने बताया कि त्यौहारी सीजन में मिठाइयां बनाने का काम तेजी से बढ़ता है, ऐसे में मिलावटी मावा, खोया और अन्य दुग्ध उत्पाद बाजार में बड़ी मात्रा में आने लगते हैं। यह मिलावट न केवल उपभोक्ताओं की सेहत के लिए खतरनाक है बल्कि खाद्य सुरक्षा कानूनों का भी खुला उल्लंघन है। विभाग अब जब्त किए गए 4660 किलो मावे को नियमानुसार नष्ट करने की प्रक्रिया शुरू कर रहा है।



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *