⚪ ACB trap Bikaner
बीकानेर में सोमवार को ACB ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रिश्वतखोरी के एक मामले का खुलासा किया है। स्टेट जीएसटी कार्यालय में पदस्थ टैक्स असिस्टेंट ऑफिसर पुरुषोत्तम व्यास को 50 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई ACB के एडिशनल एसपी आशीष कुमार के नेतृत्व में की गई, जहां टीम ने पूर्व नियोजित ट्रैप के तहत आरोपी अधिकारी को धर-दबोचा।
ACB से प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक व्यापारी ने 13 दिसंबर को ब्यूरो में शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायत में बताया गया कि उसकी फर्म पर करीब 9.5 लाख रुपए की जीएसटी रिकवरी निकाली गई थी। इस रिकवरी को सेटलमेंट करने के एवज में आरोपी अधिकारी द्वारा 50 हजार रुपए की रिश्वत की मांग की गई। शिकायत का सत्यापन होने के बाद सोमवार को ACB ने ट्रैप की कार्रवाई को अंजाम दिया। जैसे ही आरोपी अधिकारी ने रिश्वत की रकम ली, टीम ने मौके पर ही उसे गिरफ्तार कर लिया।
इस कार्रवाई के बाद जीएसटी विभाग और प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया है। ACB द्वारा आरोपी से पूछताछ और आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।














