Bikaner Sucide Case
बीकानेर जिले के श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र से मंगलवार सुबह एक दर्दनाक खबर सामने आई है। गांव गुंसाईसर बड़ा के पास स्थित एक ईंट भट्टे पर कार्यरत महिला श्रमिक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। जानकारी के अनुसार, मृतक महिला की पहचान उत्तरप्रदेश के फर्रुखाबाद जिले के कम्पिल इकलहरा निवासी 26 वर्षीय खिलौनी, पत्नी राजीव कुमार के रूप में हुई है। वह बीते कुछ समय से श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में ईंट भट्टे पर बतौर श्रमिक कार्य कर रही थी।
घटना मंगलवार सुबह करीब 4 बजे की बताई जा रही है, जब महिला ने अज्ञात कारणों से खुदकुशी कर ली। घटना की सूचना मिलते ही ईंट भट्टे के मालिक व अन्य श्रमिकों ने महिला को तत्काल श्रीडूंगरगढ़ के राजकीय चिकित्सालय पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शव को मोर्चरी में सुरक्षित रखवाया गया है।
सूचना मिलने पर श्रीडूंगरगढ़ पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि खिलौनी की शादी को मात्र पांच वर्ष हुए थे। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।