⚪ Bikaner Crime News
बीकानेर जिले के बज्जू थाना क्षेत्र में गीता देवी हत्या प्रकरण अब गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। मृतका के भाई लालाराम ने पुलिस अधीक्षक बीकानेर को प्रार्थना पत्र सौंपकर आरोपियों की गिरफ्तारी और निष्पक्ष जांच की मांग की है।
लालाराम का आरोप है कि, उनकी बहन गीता देवी की निर्मम हत्या 4-5 सितंबर की मध्यरात्रि में उनके पति जगमालराम, जेठ देवीलाल और देवर सतूराम ने की। हत्या के बाद आरोपियों ने विरोध के बावजूद शव को मिट्टी में दफना दिया। 7 सितंबर को मामला दर्ज होने के बाद शव को अगले दिन पोस्टमार्टम के लिए निकाला गया, जिसमें शरीर पर गंभीर चोटों के निशान मिले।
परिजन का कहना है कि, शादी के बाद से ही गीता देवी पर लगातार अत्याचार होते रहे। कई बार पंचायतें भी हुईं, लेकिन न्याय नहीं मिला। हत्या के बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई और पीहर पक्ष के महत्वपूर्ण गवाहों के बयान दर्ज नहीं किए गए। लालाराम ने प्रार्थना पत्र में लिखा कि, आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं और उन्हें धमकियां दे रहे हैं कि “हमारा कुछ नहीं बिगाड़ सकते, ऊपर तक पहुंच है।” पीड़ित परिवार का आरोप है कि पुलिस से सांठगांठ के चलते अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
परिजन ने पुलिस अधीक्षक व आईजी बीकानेर रेंज को कई बार परिवाद प्रस्तुत किए, लेकिन निष्पक्ष जांच और आरोपी की गिरफ्तारी अभी तक नहीं हुई। पीड़ित परिवार की मांग है कि आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार कर न्याय सुनिश्चित किया जाए।














