🔴 Bikaner News Today
बीकानेर के उदासर क्षेत्र से एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है, जहां मृतक पत्नी के क्रियाक्रम के बहाने घर में घुसकर नगदी, जेवरात और महत्वपूर्ण दस्तावेज ले जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित रामसिंह ने जेएनवीसी थाने में अपने ही दो बेटों—अजय सिंह और शेर सिंह—साथ ही दो बहुओं—सोनू कंवर और संपत कंवर—के खिलाफ इस्तगासे के जरिए मुकदमा दर्ज करवाया है।
प्रार्थी रामसिंह के अनुसार, उसकी पत्नी की मृत्यु के बाद आरोपी, जिन्हें वह पहले ही बेदखल कर चुका था, सामाजिक क्रियाक्रम का हवाला देकर उसके घर पहुंचे। इसी दौरान आरोपियों ने संदूक का ताला तोड़कर करीब 10,000 रुपये नकद, जेवरात, और पट्टा सहित वसीयत से जुड़े महत्वपूर्ण कागजात उठा लिए।
पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। चोरी, अवैध प्रवेश और दस्तावेजों की हेराफेरी से जुड़े इस मामले को लेकर पुलिस अब परिवार के भीतर चल रहे विवाद की भी गहराई से पड़ताल करेगी।














