Bikaner Train Accident News
बीकानेर ज़िले के नोखा इलाके में बुधवार को दोपहर के समय बड़ा रेल हादसा होते-होते टल गया। जानकारी के मुताबिक, जोधपुर से जम्मू जा रही एक एक्सप्रेस ट्रेन के दो डिब्बों में अचानक शॉर्ट सर्किट से धुआं और आग की लपटें उठने लगीं। ट्रेन की रफ्तार जारी थी कि अचानक धुआं उठता देख यात्रियों ने घबराने के बजाय समझदारी दिखाई। उन्होंने आपातकालीन चेन खींचकर ट्रेन को नोखा-नागौर आउटर सिग्नल पर रुकवा दिया। इससे बड़ा हादसा टल गया और सभी यात्री सुरक्षित रहे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, धुआं देखते ही यात्रियों और रेलवे कर्मचारियों ने मिलकर तुरंत अग्निशमन यंत्रों से आग पर काबू पाया। इस दौरान कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल जरूर बना रहा, लेकिन हालात नियंत्रित कर लिए गए।
रेलवे अधिकारियों ने प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट और तकनीकी खराबी को आग लगने का कारण बताया है। आग पर काबू पाने के बाद ट्रेन को सुरक्षित नोखा स्टेशन पर लाया गया, जहां इंजीनियरिंग टीम ने डिब्बों की जांच कर खराबी को ठीक किया। मरम्मत और तकनीकी जांच पूरी होने के बाद ट्रेन को यात्रियों सहित सुरक्षित रवाना कर दिया गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी यात्री को कोई नुकसान नहीं हुआ।














