🔴 Bikaner News Today
बीकानेर जिले में मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे ने किसान परिवार की खुशियों को आग में बदल दिया। रीड़ी गांव की उत्तरादी रोही में किसान सुखराम जाट की ढाणी में अचानक लगी आग ने देखते-ही-देखते पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया।
उस समय सुखराम अपनी गर्भवती पत्नी के साथ खेत में बिजान का काम करवा रहा था, जबकि उनके छह छोटे बच्चे ढाणी के पास खेल रहे थे। इसी दौरान ढाणी से अचानक धुएं और आग की लपटें उठती दिखाई दीं। पड़ोसियों के साथ दौड़कर पहुंचे सुखराम ने पानी चालू कर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तब तक आग सब कुछ तबाह कर चुकी थी।
आग की चपेट में आकर परिवार की वर्षों की मेहनत पलभर में राख हो गई— ₹20,000 नगद, सोने की टूस्सी, चांदी की तागड़ी और पायलें, गेंहू व राशन सामग्री, ओढ़ने-बिछाने का घरेलू सामान, कपड़े प्रसूता के लिए लाकर रखा गया आवश्यक सामग्री।
घटना की जानकारी मिलते ही रेखाराम कालवा, पुरनाथ सिद्ध सहित गांव के कई युवाओं ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने और पीड़ित परिवार की मदद में हाथ बढ़ाया। साथ ही पुलिस और पटवारी को सूचना देकर सरकारी सहायता उपलब्ध करवाने की मांग भी की गई है।















