Bikaner Breaking
  • Home
  • Bikaner
  • बीकानेर: आपसी विवाद में पति ने पत्नी की गला घोंटकर हत्या…
Image

बीकानेर: आपसी विवाद में पति ने पत्नी की गला घोंटकर हत्या…

⚪ Bikaner Crime News

बीकानेर जिले के जसरासर थाना क्षेत्र के बादनूं गांव में रविवार सुबह एक घरेलू विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। मामूली कहासुनी के बाद पति ने अपनी पत्नी की मफलर से गला घोंटकर हत्या कर दी। हैरान करने वाली बात यह रही कि इस सनसनीखेज वारदात के बाद मृतका के बेटे ने ही अपने पिता के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराया।

पुलिस के अनुसार बादनूं गांव निवासी नानूराम नायक किसान है और वह अपनी पत्नी सुशीला देवी व दो बेटों के साथ खेत में रहकर खेती करता था। ठंड अधिक होने के कारण खेत मालिक ने परिवार को ढाणी में बने एक कमरे में ठहरने की अनुमति दी थी, जबकि रोजमर्रा के काम के लिए खेत में बनी झोपड़ी का उपयोग किया जाता था। रविवार तड़के करीब 5 बजे पति-पत्नी ढाणी से निकलकर लगभग 300 मीटर दूर स्थित झोपड़ी में पहुंचे, जहां चाय और भोजन बनाने के दौरान किसी बात को लेकर दोनों में विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर नानूराम ने पत्नी सुशीला देवी का मफलर से गला घोंट दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू की। जसरासर थाना अधिकारी आलोक सिंह ने बताया कि आरोपी की तलाश के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *