⚪ Bikaner Crime News
बीकानेर जिले के लूणकरणसर थाना क्षेत्र के चक 7 एलकेडी में पुश्तैनी भूमि विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। ग्राम नाथवाणा निवासी गायत्री पत्नी भागीरथ जाट ने तीन लोगों—हरचंद, रामेश्वरलाल और मनीराम—पर मारपीट, धमकी देने और कपड़े फाड़कर बेइज्जत करने का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज करवाया है।
गायत्री ने बताया कि उनके ससुर के नाम से दर्ज 13.2267 हेक्टेयर संयुक्त खाते में उनका 1/12 हिस्सा है। वर्षों पहले हुए परिवारिक भौतिक बंटवारे के बाद वे अपने हिस्से की जमीन पर ट्यूबवैल और सोलर प्लांट से सिंचाई कर रहे थे। बुधवार को सिंचाई के दौरान आरोपी हथियारों के साथ पहुंचे और ट्यूबवैल बंद करने की धमकी दी। घर लौटते समय आरोपियों ने उन्हें रोककर लाठियों और लोहे की सांकल से हमला कर दिया। बचाने आए गायत्री के पति और जेठ को भी गंभीर चोटें आईं।
महिला का आरोप है कि इस दौरान आरोपियों ने उनके कपड़े फाड़ दिए और बदसलूकी की। मौके पर पहुंचे महावीर, रणजीत और शीशपाल ने बीच-बचाव कर पीड़ितों को छुड़ाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।















