⚪ Bikaner Crime News
बीकानेर जिले के नोखा थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। रासीसर गांव में मंगलवार रात कुछ लोगों ने कैंपर गाड़ी से एक घर का दरवाजा तोड़ दिया और उसके बाद हवाई फायरिंग कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
पुलिस के अनुसार, पुरोहितान बास रासीसर निवासी संतोष कुमार मंडा ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि 5 नवंबर की रात करीब साढ़े दस बजे आरोपी मुकेश, बजरंग नाई, ऋषम, मोहित, रविन्द्र, संदीप, पूनमचंद, सुनील और हड़मान गाड़ी लेकर आए और उसके घर के मुख्य दरवाजे को कैंपर के गेट से जोरदार टक्कर मारकर तोड़ दिया। इसके बाद आरोपी लाठी और सरियों से लैस होकर जबरन घर में घुस गए और हवाई फायरिंग कर दी। घटना के दौरान घर में मौजूद परिजनों में भय का माहौल बन गया।
सूचना मिलने पर नोखा पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने परिवादी की रिपोर्ट के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मारपीट, तोड़फोड़ और फायरिंग के गंभीर आरोपों में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।














