⚪ Bikaner News Today
बीकानेर जिले की छत्तरगढ़ तहसील के दामोलाई गांव में बुधवार को विद्युत निगम की बड़ी लापरवाही सामने आई। फाल्ट सुधारते समय एफआरटी टीम का 23 वर्षीय कार्मिक सागर राम नायक करंट की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद ग्रामीणों और परिजनों ने छत्तरगढ़ सीएचसी के बाहर तीन घंटे तक धरना देकर निगम अधिकारियों पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए।
जानकारी के अनुसार, एफआरटी टीम के सागर राम को मंडी 465 आरडी से कृष्णनगर जाने वाली 33 केवी लाइन में फाल्ट सुधारने का कार्य सौंपा गया था। लेकिन लापरवाहीवश वह गलती से दूसरी 33 केवी लाइन पर चढ़ गया, जिसमें बिजली प्रवाहित हो रही थी। करंट लगने से सागर राम नीचे गिर पड़ा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
ग्रामीणों का आरोप है कि निगम कर्मचारियों ने फाल्ट वाली लाइन की बजाय गलत लाइन की बिजली काटी, जिससे यह हादसा हुआ। आक्रोशित परिजनों ने मृतक परिवार को 50 लाख रुपए मुआवजा व एक सदस्य को नौकरी देने की मांग रखी।
सूचना मिलते ही एसडीएम पवन कुमार, सहायक अभियंता मोतीपुरी, कनिष्ठ अभियंता संदीप चौधरी और पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचे। तीन दौर की बातचीत के बाद दोपहर करीब तीन बजे समझौता हुआ। निगम की ओर से मृतक परिवार को 17 लाख रुपए की आर्थिक सहायता और एक परिजन को नौकरी देने पर सहमति बनी। इसके बाद परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर अंतिम संस्कार के लिए स्वीकार किया।















