Bikaner Crime News
बीकानेर के मुक्ताप्रसाद थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। नाबालिग युवती ने मोहल्ले के ही युवक पर छेड़छाड़, जातिसूचक गालियां निकालने, नकदी व जेवरात चोरी करने और परिजनों के साथ मारपीट करने के आरोप लगाए हैं। पीड़िता की रिपोर्ट पर पुलिस ने पोक्सो एक्ट और एससी-एसटी एक्ट में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रिपोर्ट के अनुसार, 20 अगस्त को दोपहर 1.30 बजे आरोपी युवक राहुल पीड़िता के घर पहुंचा और पानी मांगा। इसी दौरान उसने मौका पाकर कमरे में रखे 50,000 रुपये नकद, सोने की रखड़ी और चांदी की पाजेब चुरा ली। शाम को मां घर लौटी तो गहने और नकदी गायब थे। शक होने पर जब परिजन शिकायत लेकर आरोपी के घर पहुंचे तो वह और उसके परिजन उल्टा झगड़े पर उतर आए।
शिकायत में बताया गया है कि, रात करीब 8.30 बजे होटल के पास तीन आरोपी युवती का पीछा करने लगे। इस दौरान उन्होंने गंदे इशारे किए, जातिसूचक गालियां निकाली और छेड़खानी की। जब पीड़िता ने परिजनों को घटना बताई और वे आरोपी से बात करने पहुंचे तो मारपीट की नौबत आ गई। आरोप है कि आरोपियों ने पीड़िता की मां और उसकी परिचित युवती को जबरन घसीटकर पार्क में ले जाकर मारपीट की। घटना में पीड़िता को आंख और शरीर पर चोटें भी आई हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच सीओ सुखदेव सिंह को सौंपी है।















