RASHTRADEEP NEWS
यह घटना बीकानेर जिले के जामसर के कालासर गांव की है। जहां पारिवारिक विवाद के चलते एक युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने तीन जनों को हिरासत में लिया है। शराब के नशे में हुए विवाद के चलते झगड़ा हुआ था, इस दौरान युवक गणेश सिंह की हत्या कर दी गई। जिस दिन गणेश की हत्या हुई, उसी दिन बड़े भाई अमान सिंह की मृत्यु को बारह दिन हुए थे।
पुलिस के अनुसार, पन्ने सिंह के दो बेटों की बारह दिनों में मौत हो गई। पहले पन्ने सिंह के बड़े बेटे की नहर में डूबने से मौत हुई थी। उसकी मौत के कारणों पर गणेश सिंह पिछले कई दिनों से छानबीन कर रहा था। बारहवें दिन भी इसी विषय पर बहस हुई।अमान सिंह के बारहवें दिन शोक खत्म करने की प्रक्रिया चल रही थी। इस दौरान सोमवार की शाम परिवार के कुछ लोगों ने शराब पी। शराब के नशे में गणेश सिंह का विवाद हो गया। दो पक्ष आमने-सामने हो गए। इसी दौरान गणेश सिंह की गर्दन मरोड़ दी गई, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद हमला करने वाले वहां से एक वाहन में सवार होकर भाग गए।