🇮🇳 Bikaner Crime News
अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कोलायत पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। एसपी कावेन्द्र सागर के निर्देशन एवं सीओ संग्राम सिंह के सुपरविजन में थानाधिकारी जसवीर कुमार की टीम ने रावनेरी गांव में दबिश देकर भारी मात्रा में अवैध डोडा जब्त किया है। पुलिस कार्रवाई के दौरान एक मकान की तलाशी ली गई, जहां पशुओं के कमरे में चारे के नीचे छुपाकर रखे गए प्लास्टिक के कट्टों से डेढ़ क्विंटल से अधिक डोडा चूरा बरामद किया गया। मौके से पुलिस ने मोतीलाल नामक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
थानाधिकारी जसवीर कुमार ने बताया कि आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में जब्त डोडा की बाजार कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जिले में नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा और इस अवैध कारोबार से जुड़े किसी भी व्यक्ति को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।















