Bikaner News
बीकानेर जिले के श्रीडूंगरगढ़ के ठुकरियासर पंचायत के सरपंच अमराराम गांधी एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। मंगलवार को उन्होंने जिला परिषद के सीओ को फोन कर काम नहीं करने पर आत्महत्या करने की धमकी दी, साथ ही अपशब्दों के साथ धमकाया। मामला गंभीर होते देख सीओ ने तुरंत थाना श्रीडूंगरगढ़ में इसकी सूचना दी।
एएसआई राजकुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि सरपंच अमराराम गांधी पुत्र देदाराम मेघवाल को थाने बुलाकर समझाइश दी गई, लेकिन सरपंच के रवैये में कोई बदलाव नहीं आया। इसके चलते पुलिस ने उन्हें शांति भंग की आशंका के तहत भारतीय दंड संहिता की धारा 151 (पुलिस अभिरक्षा में गिरफ्तारी) के तहत गिरफ्तार कर लिया। बाद में उन्हें उपखंड मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें शांति बनाए रखने की शर्त पर जमानत पर रिहा कर दिया गया।
गौरतलब है कि अमराराम गांधी पूर्व में भी कई विवादों में शामिल रहे हैं। उन पर बिजली विभाग के जेईएन के साथ मारपीट करने तथा उनके बेटे द्वारा पंचायत भवन में तोड़फोड़ करने के मामले भी दर्ज हैं। इस घटनाक्रम के बाद एक बार फिर पंचायत प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं।















