Bikaner News
बीकानेर के पीबीएम अस्पताल परिसर एक बार फिर वाहन चोरों के निशाने पर रहा। बीते कुछ महीनों से लगातार वाहन चोरी की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे आमजन को आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ रहा है। अब एक और मामला सामने आया है जिसने अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
इस बार देशराज मीणा नामक व्यक्ति ने कोटगेट थाने में मामला दर्ज कराया है। परिवादी के अनुसार, 13 जून को दोपहर करीब 4:30 से 6:30 बजे के बीच उसने अपनी बाइक पीबीएम स्टाफ पार्किंग में खड़ी की थी। जब वह कुछ समय बाद लौटा तो उसकी बाइक मौके से गायब थी। काफी तलाश के बावजूद वाहन का कोई सुराग नहीं लगा। पुलिस ने देशराज मीणा की रिपोर्ट के आधार पर अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ अन्य साक्ष्य जुटाने में लगी है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि पीबीएम जैसे व्यस्त और संवेदनशील परिसर में लगातार हो रही चोरी की घटनाएं चिंता का विषय हैं। अस्पताल प्रशासन और पुलिस को सुरक्षा इंतज़ाम और कड़े करने की आवश्यकता है, ताकि आमजन की मेहनत की कमाई यूँ ही न लुटे।















