🟢 Bikaner Crime News
बीकानेर जिले में लगातार बढ़ रही अवैध नशा तस्करी पर पुलिस ने एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में डोडा पोस्त जब्त किया है। पुलिस महानिरीक्षक पुलिस रेंज बीकानेर हेमंत कुमार शर्मा एवं पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।
जानकारी के अनुसार, उप निरीक्षक प्रेम सिंह (थानाधिकारी, बज्जू) के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 11 नवम्बर की रात बज्जू से बांगड़सर रोड पर वाहनों की चेकिंग शुरू की। इसी दौरान बज्जू की ओर से आती एक पीकअप गाड़ी को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक ने पुलिस को देखते ही गाड़ी को रेतीली जमीन में उतारकर जंगल की ओर भागने की कोशिश की।
पुलिस टीम ने पीछा किया और मौके पर पीकअप गाड़ी को जब्त कर तलाशी ली। जांच के दौरान गाड़ी से दो अलग-अलग प्लास्टिक कट्टों में कुल 34 किलो 305 ग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामद हुआ। पुलिस ने डोडा पोस्त व पीकअप वाहन को जब्त करते हुए अज्ञात चालक के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
थानाधिकारी प्रेम सिंह ने बताया कि फरार आरोपी की पहचान के लिए टीम गठित कर दी गई है और तस्कर को जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं।















