Bikaner News Today
बीकानेर शहर में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सदर पुलिस ने दो अलग-अलग कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने नशे का कारोबार करने वाले दो युवकों को दबोचते हुए उनके कब्जे से लाखों रुपये कीमत का अवैध मादक पदार्थ जब्त किया है। साथ ही नशा सप्लाई में उपयोग की जा रही मोटरसाइकिल को भी सीज किया गया है।
पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देशन और थानाधिकारी दिगपाल सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर दबिश दी। कार्रवाई में पुलिस ने भगवानसिंह पुत्र नत्थूसिंह (22) निवासी आम्बासर थाना देशनोक और मुकेश गोदारा पुत्र रामेश्वरलाल गोदारा (19) निवासी रासीसर थाना नोखा को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, आरोपियों से 19.60 ग्राम स्मैक, 23.81 ग्राम एमडी ड्रग्स ओर एक मोटरसाइकिल बरामद की गई।
यह कार्रवाई रेंज आईजी हेमंत शर्मा के निर्देश पर चल रहे 17 से 31 अगस्त तक के विशेष अभियान के तहत की गई। दोनों आरोपियों के खिलाफ पुलिस थाना सदर में अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।














