Bikaner Crime News
बीकानेर पुलिस ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग के दो कुख्यात गुर्गों को गिरफ्तार कर बड़ी वारदात की साज़िश को नाकाम कर दिया। पकड़े गए आरोपियों में श्रवण सिंह सोढा (निवासी बज्जू) और राजेश तरड़ (निवासी खाजूवाला) शामिल हैं। दोनों के पास से 5 पिस्टल, एक मैगजीन और 12 जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं।
दोनों बदमाशों पर 25-25 हजार रुपए का इनाम घोषित था और इनके खिलाफ राजस्थान व अन्य राज्यों में लगभग 25-25 आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें हत्या का प्रयास, तस्करी, अपहरण और फिरौती जैसे गंभीर आरोप शामिल हैं।
पुलिस ने रखी थी गैंग पर कड़ी नजर
एडिशनल एसपी सौरभ तिवाड़ी ने बताया कि पुलिस को इन बदमाशों के बीकानेर में बड़ी वारदात की योजना बनाने की सूचना मिली थी। इस पर आईजी हेमंत शर्मा के निर्देशन में स्पेशल टीम बनाई गई और एमपी नगर थाना पुलिस ने दोनों को दबोच लिया।
हैरी बॉक्सर से था सीधा संपर्क
गिरफ्तार बदमाश गैंगस्टर हैरी बॉक्सर (लॉरेंस बिश्नोई गिरोह का सदस्य) के लगातार संपर्क में थे। पुलिस ने तीनों के बीच हुई बातचीत और गतिविधियों के आधार पर संगठित अपराध (BNS) और आर्म्स एक्ट में केस दर्ज किया है।
सोढा गैंग का सरगना निकला श्रवण सिंह
जांच में सामने आया है कि श्रवण सिंह सोढा खुद की गैंग भी चलाता है, जिसे सोढा गैंग के नाम से जाना जाता है। हाल ही में खाजूवाला में उसकी गैंग के दो सदस्य पकड़े गए थे, जिनसे पिस्तौल भी बरामद हुई थी। यही नहीं, श्रवण सिंह सोढा गुजरात के गांधीनगर थाने में अपहरण और फिरौती के मामले में भी वांछित है।














