Bikaner Police Action
बीकानेर जिले में पुलिस ने अवैध शराब तस्करों पर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक कावेंद्र सागर के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर सौरभ तिवाड़ी के नेतृत्व में डीएसटी टीम और नापासर थाना पुलिस ने मिलकर पंजाब निर्मित शराब से भरे ट्रक को पकड़ा।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने अलग-अलग ब्रांड की करीब 920 पेटी अवैध शराब जब्त की है, जिसकी कीमत लाखों रुपए बताई जा रही है। नाकाबंदी और पीछा कर पकड़े गए इस ट्रक से पुलिस ने बाड़मेर निवासी मनोहर सिंह को भी गिरफ्तार किया है। उससे पूछताछ जारी है ताकि पूरे नेटवर्क का खुलासा हो सके।
इस ऑपरेशन में नापासर थानाधिकारी लक्ष्मण सिंह सुथार, एएसआई दीपक यादव व जगदीश कुमार और कांस्टेबल रामकुमार भादू की अहम भूमिका रही। पुलिस की इस कार्रवाई से शराब माफियाओं में हड़कंप मच गया है।














