⚪ Bikaner Crime News
बीकानेर शहर के बीछवाल थाना क्षेत्र में ग्राम पंचायत स्तर के प्रशासनिक कार्य में बाधा डालने, सरपंच से मारपीट और ग्राम सेवक को जान से मारने की धमकी देने का गंभीर मामला सामने आया है। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कानासर ग्राम पंचायत के सरपंच भगवानाराम पुत्र धन्नाराम कुम्हार ने बीछवाल थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। परिवादी ने बताया कि 31 जनवरी को ग्राम पंचायत मुख्यालय कानासर में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक ग्राम उत्थान शिविर आयोजित किया गया था, जिसमें जिला कलेक्टर सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।
रिपोर्ट के मुताबिक दोपहर करीब 3 बजे हडमानाराम यादव, उसकी पत्नी सुगनी देवी, पुत्रवधू गुड्डी देवी और रवि पुत्र जयपाल यादव शिविर स्थल पर पहुंचे और सरपंच व ग्राम विकास अधिकारी के कक्ष में जाकर हंगामा करने लगे। समझाइश के बावजूद आरोपियों ने टेबल पर रखे सरकारी दस्तावेज, शीशा, कैंची तथा गेट को पटककर नुकसान पहुंचाया। आरोप है कि इसी दौरान कैंची से हमला करने का भी प्रयास किया गया। घटना के दौरान ग्राम विकास अधिकारी राजेन्द्र चाहर सहित शिविर में मौजूद हेमाराम पुरोहित, जीवणराम पुरोहित, मूलाराम नायक और धन्नाराम ने बीच-बचाव कर हालात को संभाला। इस पूरे घटनाक्रम से ग्राम उत्थान शिविर की कार्यवाही प्रभावित हुई।
परिवादी ने आगे बताया कि शाम करीब 4:15 बजे दुर्गाराम पुत्र हडमानराम मौके पर पहुंचा और सरपंच व ग्राम विकास अधिकारी को जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने सरपंच की रिपोर्ट के आधार पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच एसआई सुरेन्द्र कुमार को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।















